उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के बीच मैदानों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि दुश्वारी बढ़ा रही है। पहाड़ों में हल्की वर्षा और बर्फबारी से ठिठुरन लौट आई है। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं शनिवार तड़के से ही देहरादून सहित राज्य के अधिकतर इलाकों में बारिश जारी रही।
केदारनाथ में हिमपात
शुक्रवार को चमोली और उत्तरकाशी में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई। जबकि, केदारनाथ में शाम को हल्का हिमपात हुआ। नैनीताल समेत कुमाऊं के कुछ इलाकों में भी जोरदार ओलावृष्टि हुई। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान है। जबकि, शुक्रवार को प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और मैदानों में अंधड़ को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा व चोटियों पर हिमपात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाये रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा व चोटियों पर हिमपात के आसार हैं। निचले इलाकों में अंधड़े और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।