
दिल्ली कूच कर रहे हरियाणा-पंजाब के किसानों पर हुई लाठीचार्ज की घटना से शुक्रवार को उत्तराखंड के रुड़की और आस-पास के क्षेत्रों के किसानों में उबाल बना हुआ है। किसानों ने जगह-जगह प्रदर्शन किए। कहीं पुतला फूंका गया तो कहीं हाईवे जाम कर दिया गया। धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने किसानों के साथ मिलकर मंगलौर गुड मंडी पर दिल्ली-देहरादून हाईवे को करीब दो घंटे जाम रखा। वहीं स्थानीय किसानों ने हरियाणा और पंजाब के दिल्ली जा रहे किसानों का समर्थन किया है। इस दौरान किसानों ने जल्द ही दिल्ली कूच करने का एलान भी किया।
हाईवे जाम के दौरान किसानों का कहना था कि केंद्र सरकार ने हरियाणा व पंजाब के किसानों को दिल्ली जाने से रोककर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। हरिद्वार जनपद के किसान हरियाणा व पंजाब के किसानों का पूरी तरह से समर्थन करते हैं।
किसानों के हाईवे जाम की खबर सुनते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब सवा दो बजे किसानों ने अपना ज्ञापन मौके पर पहुंची ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल को सौंपा। जिसमें किसानों ने कहा कि कृषि कानूनों को वापस लिया जाए। न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दाम पर फसल खरीदने वालों के खिलाफ कानून बनाया जाए